8 अप्रैल 2020 - 13:04
ईरान में कोरोना से मरने वालों की संख्या में गिरावट, डब्ल्यूएचओ ने कहा ईरान ने वायरस पर कर लिया क़ाबू

विश्व स्वास्थ्य संगठन के आपातकालीन विभाग के निदेशक ने कहा है कि ईरान ने कोरोना के प्रसार पर काफ़ी हद तक सफलता हासिल कर ली है और अब इस देश में कोरोना के मामले स्थिर आंकड़ों तक पहुंच गए हैं, बल्कि हालिया दिनों में इन मामलों में गिरावट दर्ज की गई है।

हाल ही में ईरान का दौरा करने वाले विश्व स्वास्थ्य संगठन के आपातकालीन ऑप्रेशन विभाग के क्षेत्रीय निदेशक रिचर्ड ब्रेनन ने कहा कि ईरान द्वारा उठाए गए क़दमों के कारण कोरोना वायरस से संक्रमित होने वाले लोगों की संख्या स्थिर स्तर तक पहुंच गई है और सिर्फ़ इतना ही नहीं बल्कि देश के कुछ इलाक़ों में संक्रमितों की संख्या में गिरावट देखी गई है।

अमरीकी अख़बार डेली न्यूज़ की रिपोर्ट के मुताबिक़, ब्रेनन का कहना था कि कोरोना के प्रसार की रोकथाम के लिए तेहरान ने प्रभावशाली क़दम उठाए हैं, जिनकी वजह से हम देख रहे हैं कि अब इस देश में वायरस का प्रसार थम गया है।

ग़ौरतलब है कि पिछले 24 घंटों में ईरान में कोरोना से वायरस के 1997 मामले सामने आए हैं, जबकि मरने वालों की संख्या 121 रही। इस प्रकार से ईरान में कोरोना से मरने वालों की कुल संख्या 4003 हो गई है।